भोपाल के बैरागढ़ से रोज गुजरने वालों के लिए राहत की तारीख तय हो गई है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मंगलवार को विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ बैरागढ़ में बन रहे एलिवेटेड ब्रिज का पूरा निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि इसका निर्माण मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा हो।
मंत्री ने पूरे निर्माणाधीन मार्ग पर चलकर काम की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और सर्विस रोड की हालत देखी। काम की धीमी रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की कमी पर उन्होंने नाराजगी जताई।
तीन दिन में सुधार
मंत्री ने सभी कमियां तीन दिन में दूर करने के निर्देश दिए। बंद या अव्यवस्थित स्ट्रीट लाइटें चालू करने और निर्माण स्थल पर सभी जरूरी सुरक्षा उपाय करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य ब्रिज नहीं बनता, सर्विस रोड ही आवागमन का मुख्य रास्ता है, इसलिए उसे सुरक्षित और सुगम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अस्पताल के पास खास ध्यान
सिविल अस्पताल के आसपास की अव्यवस्था तुरंत सुधारने और मरीजों तथा एम्बुलेंस के लिए बिना रुकावट आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निर्माण एजेंसी की लापरवाही और देरी पर अनुबंध की शर्तों के मुताबिक पेनाल्टी लगाने को कहा गया।
