शुक्रवार को नगर पालिका परिषद नेपानगर द्वारा नगर में स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एवं स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती पाटील, अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विजय सिंह कुशवाह, कर्मचारीग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीता नहानी घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। श्री प्रशांत नागपुरे, श्री सम्यक पांडे, श्री निर्मल चौधरी, श्री पृथ्वी जाधव एवं श्री लवेश पाटील ने स्वच्छता कार्य में सक्रिय सहभागिता की। अभियान के माध्यम से नागरिकों को ‘‘नागरिक जिम्मेदारी’’ का संदेश देते हुए सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा गीले-सूखे कचरे को अलग रखने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने “स्वच्छ नेपानगर-सुंदर नेपानगर” के संकल्प के साथ स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
सेवा संकल्प अभियान नगर को स्वच्छ रखना हमारी जिम्मेदारी, नेपानगर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित

हलचल डेस्क · 2 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट पढ़ें