देवास में बालगढ़ स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय के 100 विद्यार्थियों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट कराया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक नवाचारों से रूबरू कराना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आईआईटी इंदौर के अत्याधुनिक परिसर, विभिन्न प्रयोगशालाओं और अनुसंधान केंद्रों को देखा। इस दौरान संस्थान के विशेषज्ञों और प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को आईआईटी में संचालित होने वाले विभिन्न तकनीकी व शोध पाठ्यक्रमों (कोर्सेज) की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों पर केंद्रित एक सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को एआई के भविष्य, दैनिक जीवन में इसके उपयोग और इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बारे में बेहद सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। विद्यार्थियों ने भी बड़ी उत्सुकता के साथ एआई से जुड़े अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।

आईआईटी इंदौर में मिला तकनीकी एवं शैक्षणिक एक्सपोजर

विजिट के दौरान विद्यार्थियों को सर्वप्रथम आईआईटी इंदौर के शैक्षणिक वातावरण, संस्थान की कार्यप्रणाली, विभिन्न पाठ्यक्रमों, शोध एवं नवाचार के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि आईआईटी जैसे संस्थानों में शिक्षा के साथ-साथ रिसर्च, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पर किस प्रकार कार्य किया जाता है। इसके बाद विद्यार्थियों को आईआईटी इंदौर के इनक्यूबेशन सेंटर का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें स्टार्टअप एवं नए आइडिया को विकसित करने, मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा उन्हें एक उपयोगी प्रोजेक्ट या व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

इसी दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विकसित “ट्रैंडिया” – एआई-पावर्ड सोशल लर्निंग प्लेटफॉर्म को भी इनक्यूबेशन सेंटर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। “ट्रैंडिया’’ को लेकर इनक्यूबेशन सेंटर की ओर से रुचि व्यक्त की गई तथा विद्यार्थियों की टीम को इनक्यूबेशन के लिए आगे की प्रक्रिया हेतु पुनः आमंत्रित किया गया। यह विद्यार्थियों के लिए अपने नवाचार को उच्च स्तर पर ले जाने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।

भौतिकी, रसायन विज्ञान और रोबोटिक्स लैब्स का भ्रमण

विद्यार्थियों को आईआईटी इंदौर की विभिन्न प्रयोगशालाओं का भी भ्रमण कराया गया, जिसमें भौतिकी, रसायन विज्ञान और रोबोटिक्स प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने आधुनिक उपकरणों, तकनीकी प्रयोगों एवं शोध कार्यों को करीब से देखा और विशेषज्ञों से उनके उपयोग एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विजिट के दौरान विद्यार्थियों को आईआईटी इंदौर के स्‍पोर्ट्स कैंपस का भी भ्रमण कराया गया। उन्हें उच्च शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि आईआईटी स्तर पर खेल प्रतिभाओं के लिए किस प्रकार के अवसर उपलब्ध हैं तथा राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में आईआईटी के माध्यम से भाग लेने की संभावनाएं भी रहती हैं।