“ सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार ” के अंतर्गत जनपद पंचायत राघौगढ़ द्वारा ग्राम पंचायत आवन में ब्लॉक स्तरीय मेगा सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने - अपने स्टॉल लगाए गए तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं हितग्राही उपस्थित हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़ उपस्थित रहे। साथ ही जिला पंचायत सदस्य श्री लेखराज लोधा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राघौगढ़ श्री गौरीशंकर राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी - कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करना तथा प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण करना रहा। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना - ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा उपस्थित हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने, आवश्यक दस्तावेज समय पर पूर्ण कराने तथा योजनाओं में सक्रिय भागीदारी करने हेतु प्रेरित किया गया। विभिन्न विभागीय अधिकारियों - कर्मचारियों ने शिविर में प्राप्त प्रकरणों का परीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं कार्यवाही की।

शिविर में महिलाओं, ग्रामीण नागरिकों एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम स्थल पर हितग्राहियों के बैठने, पेयजल, पंजीयन एवं विभागवार सहायता की व्यवस्था की गई थी। विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने के लिए विभागीय स्टॉल एवं प्रचार सामग्री भी लगाई गई।

“ सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार ” के माध्यम से शासन की सेवाओं को ग्रामीणजनों के निकट पहुँचाने तथा पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में यह शिविर महत्वपूर्ण रहा।