कटनी (01 अक्टूबर) – जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्‍ध कराने हेतु कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला रोजगार कार्यालय, कटनी के माध्यम से स्थानीय औद्योगिक इकाई सिंह इंटरप्राइजेज, कटनी में युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्थान द्वारा वेल्डर के 10 और फिटर के 20 सहित कुल 30 पदों पर भर्ती की जाएगी।

चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 10 हजार से 18 हजार प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। संबंधित ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस रोजगार अवसर के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 8 अक्टूबर तक जिला रोजगार कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, कक्ष क्रमांक 125, कटनी में उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, आईटीआई प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो), पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। जिला रोजगार कार्यालय के कैंपस प्लेसमेंट प्रभारी अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में कार्यालय पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9329778300 एवं 7974745715 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी सुषमा विश्वकर्मा ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में जिला रोजगार कार्यालय पहुंचकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।