मैहर,26 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत संदीपनी विद्यालय मैहर में जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी की उपस्थिति में किया गया।विधायक श्री चतुर्वेदी एवं श्री कमलेश सुहाने की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने भाषण एवं चित्रकला के माध्यम से अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करने के साथ ही उनमें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सरोकारों और देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत की कल्पना प्रस्तुत की। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाओं के जरिए अपने सपनों के भारत को साकार रूप दिया। जिले के विभिन्न विद्यालयों में 19 सितंबर से 24 सितंबर तक आयोजित चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए उत्कृष्ट चित्रों की जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और देश के भविष्य के प्रति उनकी सोच को प्रदर्शित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम में विधायक श्री चतुर्वेदी ने चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट चित्र बनाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक क्षमता को विकसित करने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में मैहर, अमरपाटन एवं रामनगर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में मैहर ब्लॉक के 49 विद्यालय, अमरपाटन के 66 विद्यालय एवं रामनगर के 38 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में प्रथम स्थान जीएमएस भदनपुर छात्रावास, द्वितीय स्थान शासकीय सांदीपनि विद्यालय, मैहर तथा तृतीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरिया ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार की सहभागिता रही। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं, विचारों और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से ‘मेरे सपनों का भारत’ की संकल्पना प्रस्तुत करने का अवसर दिया।