मैहर, 01 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज सब जेल मैहर में सिविल अस्पताल मैहर के सहयोग से वृहद स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, विभिन्न संक्रामक एवं गंभीर रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान करना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में सिविल अस्पताल मैहर से उपस्थित चिकित्सकीय दल द्वारा बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय दल में डॉ. पृथ्वीराज सिंह (चिकित्सा अधिकारी), डॉ. आरती पटेल (चिकित्सा अधिकारी), श्री विकास शुक्ला (नेत्र सहायक), श्री दुर्गा प्रसाद चौधरी (लैब टेक्नीशियन) एवं श्री दिलीप नामदेव (वार्ड बॉय) शामिल रहे।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान बंदियों की एचआईवी, टीबी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस संबंधी आवश्यक जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा बंदियों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या पाए जाने पर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं आगामी उपचार के संबंध में भी जानकारी दी गई।

शिविर में नेत्र परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। नेत्र सहायक द्वारा बंदियों की आंखों की जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं का परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। बंदियों को आंखों की नियमित जांच, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं आंखों की देखभाल के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर सब जेल मैहर के सहायक जेल अधीक्षक श्री रामजी त्रिपाठी जी द्वारा बंदियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा संक्रामक रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जेल प्रशासन एवं चिकित्सकीय दल को अवगत कराने की समझाइश दी गई, ताकि बीमारी की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य शिविर के आयोजन से बंदियों को उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक होने का अवसर मिला। जेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने को बंदियों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में जेल प्रशासन के श्री महेंद्र प्रसाद तिवारी (प्रमुख मुख्य प्रहरी), श्री रविशंकर सोनी (फार्मासिस्ट ग्रेड२)एवं अन्य उपस्थित कर्मचारीयों द्वारा आयोजन आपसी समन्वय, सहयोग एवं स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का परिचायक रहा।