प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल के मुख्य आतिथ्य में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम मैदान, गोटेगांव में किया गया।
मंत्री श्री पटेल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों एवं युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेल गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य एवं संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में उतरकर चुनौतियों का सामना करने की आदत जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने तथा अपने प्रदर्शन में सुधार के लिए प्रयासरत रहने का आह्वान किया। गोटेगांव क्षेत्र में कबड्डी को लेकर लंबे समय से सक्रिय खेल वातावरण रहा है। प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विधायक श्री महेंद्र नागेश, पूर्व मंत्री श्री जालम सिंह पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अनुज जैन, बीआरसी गोटेगांव श्री उमाशंकर छिरा सहित विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर, जबलपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा एवं कटनी जिलों के बालक खिलाड़ियों ने 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में नरसिंहपुर जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए तीनों आयु वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान बेहतर तालमेल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय देते हुए अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने तथा जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
