युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat) केंद्र, बारां द्वारा जिला स्तरीय सलाहकार समिति की द्वितीय बैठक का आयोजन अतिरिक्त जिला कलेक्टर, बारां श्री भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज में अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा मेरा युवा भारत पोर्टल पर युवाओं के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा करना रहा।

बैठक के प्रारंभ में जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, बारां श्री कुमार मधुकर ने समिति के अध्यक्ष के प्रतिनिधि एवं उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक के एजेंडे से अवगत कराया। इस दौरान प्रथम बैठक एवं वर्तमान द्वितीय बैठक के मध्य हुई प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसमें मेरा युवा भारत पोर्टल पर पूर्व में हुए पंजीकरण तथा वर्तमान पंजीकरण की स्थिति के संबंध में जानकारी दी गई।

इसके पश्चात विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अपने-अपने स्तर पर युवाओं को क्विज में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। अधिकारियों को बताया गया कि मेरा युवा भारत पोर्टल युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित एक महत्वपूर्ण डिजिटल मंच है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को विभिन्न अवसरों तक समान पहुंच उपलब्ध कराना है। पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी घर बैठे ऑनलाइन विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों एवं अवसरों से जुड़कर अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।

बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर, बारां श्री भंवरलाल जनागल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं तथा विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज में युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी युवाओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा जिले में युवा सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने पंचायत समिति स्तर पर आयोजित किए जाने वाले शिविरों में मेरा युवा भारत स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा वहां उपस्थित युवाओं का क्विज के लिए पंजीकरण करवाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, लीड बैंक मैनेजर, शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला उद्योग केंद्र, सीओ स्काउट, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी तथा कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।