पुलिस की ड्यूटी का कोई तय समय नहीं होता। देर रात तक गश्त, त्योहारों पर तैनाती और लंबी शिफ्टें आम बात हैं। ऐसे में छोटे बच्चों वाली महिला पुलिसकर्मियों के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने भोपाल में एक नई सुविधा शुरू की है।
नेहरू नगर स्थित पुलिस पब्लिक स्कूल में 60 बच्चों की क्षमता वाले नए ‘वात्सल्य झूलाघर’ (डे-केयर सेंटर) का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने किया। रंग-बिरंगी दीवारों और खिलौनों वाले इस केंद्र में ड्यूटी के दौरान बच्चों की देखभाल होगी।
बदलते परिवार, नई जरूरत
डीजीपी ने कहा कि विभाग में महिला आरक्षक, सब इंस्पेक्टर, डीएसपी सहित कई रैंक पर महिलाएं जिम्मेदारी निभा रही हैं। अब पति-पत्नी दोनों का नौकरी करना सामान्य है। पहले संयुक्त परिवार में दादा-दादी बच्चों को संभाल लेते थे, लेकिन नौकरी के लिए परिवार से दूर रहने पर छोटे बच्चों की देखभाल बड़ी जरूरत बन गई है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सही देखभाल सुनिश्चित होने से पुलिस अधिकारी और कर्मचारी निश्चिंत होकर अपने कर्तव्य पर ध्यान दे सकेंगे।
