शासन की उद्योग प्रोत्साहन योजनाएं जिले में स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ही रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर सिंहपुर निवासी श्री दीपक कुमार गुप्ता ने ग्राम पंचायत बोडरी में श्री सिद्धि विनायक सार्टिक्स इंडस्ट्रीज के नाम से अपना औद्योगिक संयंत्र स्थापित किया है। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस उद्योग के माध्यम से वर्तमान में 100 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उद्यमी श्री दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि वे इस उद्योग के प्रोपराइटर हैं। उद्योग की स्थापना के लिए उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की एसएमई शाखा से 2 करोड़ 62 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्हें एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी), शहडोल के माध्यम से 40 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिल रहा है। शासन की इस सहायता से उद्योग स्थापना में उन्हें आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ है।
श्री गुप्ता ने बताया कि उनके औद्योगिक संयंत्र में लगभग 100 लोगों को रोजगार देकर रखा गया है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं तथा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
उद्यमी श्री दीपक कुमार गुप्ता ने उद्योग स्थापना में सहयोग एवं एमएसएमई प्रोत्साहन योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शहडोल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं विभागीय सहयोग से उन्हें अपना उद्योग स्थापित करने और स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
शासन की उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं एवं उद्यमियों को स्वरोजगार और उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन करना है। श्री गुप्ता की यह पहल जिले में उद्यमिता और रोजगार सृजन की दिशा में एक उदाहरण है।