महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग द्वारा श्योपुर विकासखण्ड के ग्राम नागदा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में अस्पृश्यता निवारणार्थ सदभावना शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं कैबीनेट मंत्री दर्जा श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी ने कहा कि शासन द्वारा सभी वर्गो के बीच सामाजिक समरसता के प्रति जागरूकता का कार्य किया जा रहा है तथा सभी को समान अवसर उपलब्ध कराये जा रहे है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सभी समुदाय अपने बच्चों को पढाई के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री राघवेन्द्र जाट, जिला पंचायत सदस्य श्री गिरधारी बैरवा, वरिष्ठ नागरिक श्री बंशीलाल, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती गुड्डी बाई, श्री राकेश मीणा, सहायक आयुक्त श्री राकेश गुप्ता, तहसीलदार श्री दीपेश धाकड सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने सामाजिक समरसता के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान में सभी वर्गो जाति, समुदाय को समान अधिकार प्रदान किये है। शासन द्वारा सभी के अधिकारों का संरक्षण किया जा रहा है तथा अनुसूचित जाति एवं जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढने के अवसर उपलब्ध कराये जा रहे है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी का व्यक्तित्व प्रेरणादायी है। सामाजिक भेदभाव जैसी परिस्थितियां अब नही है, छुआछूत जैसी सामाजिक बुराईयों दूर हुई है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की 650वी जंयती वर्ष को मध्यप्रदेश की सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है। इसी के क्रम में पिछले दिनों कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर के आदर्शो को जीवन में अपनाने की प्रेरणा भी दी। इसके पूर्व सहायक आयुक्त श्री राकेश गुप्ता द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए संचालित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। आभार प्रदर्शन बीईओ कराहल श्री एमपी मौर्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीणों के साथ नीचे बैठकर भोजन किया गया।
