घरेलू हिंसा या किसी संकट में फंसी महिला को जब सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब उसे मदद के लिए कई दफ्तरों में भटकना न पड़े, वन स्टॉप सेंटर इसी सोच से बने हैं। मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव और सदस्य साधना स्थापक ने सोमवार को भोपाल के वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया।
उन्होंने केंद्र पर संकटग्रस्त महिलाओं को मिल रही काउंसलिंग, चिकित्सा, कानूनी सहायता, अस्थायी आश्रय और पुलिस सहायता जैसी सेवाओं का जायजा लिया।
सुरक्षा के साथ भरोसा
आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र पहुंचने वाली हर महिला को सुरक्षा के साथ सम्मान और भरोसे का माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनें और उनके मामलों में त्वरित कार्रवाई करें।
सदस्य साधना स्थापक ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य संकटग्रस्त महिलाओं को एक ही स्थान पर सारी जरूरी मदद देना है, जिसके लिए काउंसलिंग, चिकित्सा, कानूनी और पुलिस सहायता के बीच प्रभावी समन्वय जरूरी है।
जरूरत हो तो
हर जिले में वन स्टॉप सेंटर चलते हैं। संकट की स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
