ओरछा में श्री रामराजा सरकार मंदिर प्रांगण में गोवर्धन पूजा संपन्न, कलेक्टर एवं एसपी हुए शामिल
निवाड़ी, 09 नवंबर 2026। धार्मिक नगरी ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर प्रांगण में गोवर्धन पूजा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर श्री रामराजा सरकार मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की तथा जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में श्रद्धा एवं आस्था का वातावरण रहा। गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की आराधना और प्रकृति एवं गौवंश के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
गोवर्धन पूजा के पश्चात कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने श्री रामराजा सरकार मंदिर के बाहर आयोजित बुंदेली लोक परंपरा के प्रसिद्ध मोनिया नृत्य का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक बुंदेली लोक संस्कृति और लोकनृत्य की प्रस्तुति देखी तथा कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इसके साथ ही कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन एवं पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
